Planting trees today for a greener, safer, and sustainable future.

देश की आधी से ज्यादा महिलाएं और 46% किशोरियां एनीमिया की शिकार- ICMR की नई सर्वे रिपोर्ट

छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और पंजाब में 70 फीसदी से अधिक महिलाओं में खून की कमी; दक्षिण भारत में केरल की स्थिति सबसे बेहतर, आयरन की कमी बनी मुख्य वजह।

 

 

भारत में महिलाओं और किशोरियों के बीच एनीमिया (खून की कमी) की समस्या अब भी गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) द्वारा 2023 से 2025 के बीच कराए गए ‘जनसंख्या हेल्थ, एक्टिविटी, डाइट और शरीर से जुड़े आंकड़ों का आकलन सर्वे’ की ताजा रिपोर्ट में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN) द्वारा तैयार इस रिपोर्ट के अनुसार, देश में 20 से 59 वर्ष की करीब 55 फीसदी और प्रजनन आयु वर्ग (15 से 49 वर्ष) की करीब 56 फीसदी महिलाएं एनीमिया से जूझ रही हैं।

छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और पंजाब में स्थिति सबसे गंभीर सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक, देश के कई राज्यों में एनीमिया की दर बेहद ऊंची है। छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और पंजाब में 70 फीसदी से भी अधिक महिलाओं में खून की कमी पाई गई है। इसके विपरीत, उत्तर और मध्य भारत में मध्य प्रदेश ने बेहतर प्रदर्शन किया है, जहां करीब 40 फीसदी महिलाओं में एनीमिया दर्ज किया गया।

दक्षिण भारत: केरल सबसे बेहतर, आंध्र प्रदेश में हालत खराब दक्षिण भारत के पांच राज्यों के तुलनात्मक आंकड़ों में केरल की स्थिति सबसे संतोषजनक है:

केरल: यहां 20 से 59 वर्ष की मात्र 28 फीसदी और 15 से 49 वर्ष की 29 फीसदी महिलाओं में एनीमिया पाया गया।

आंध्र प्रदेश: दक्षिण भारत में इसकी स्थिति सबसे चिंताजनक रही, जहां दोनों आयु वर्गों में 68 फीसदी से अधिक महिलाएं एनीमिया से प्रभावित हैं।

तेलंगाना और तमिलनाडु: तेलंगाना में 20 से 59 वर्ष की 51 फीसदी व 15 से 49 वर्ष की 54 फीसदी, जबकि तमिलनाडु में क्रमशः 51.4 फीसदी और 53 फीसदी महिलाओं में यह समस्या मिली।

कर्नाटक: यहां 20 से 59 वर्ष की 48 फीसदी से अधिक और 15 से 49 वर्ष की करीब 50 फीसदी महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं, जो राष्ट्रीय औसत से कम है।

किशोरियों में भी एनीमिया की दर चिंताजनक रिपोर्ट में 10 से 19 वर्ष की किशोरियों की सेहत को लेकर भी गंभीर आंकड़े जारी किए गए हैं। देश भर में इस आयु वर्ग की 46 फीसदी से ज्यादा लड़कियां एनीमिया की चपेट में हैं। राज्यों के आधार पर छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक 65.4 फीसदी किशोरियां एनीमिया से प्रभावित मिलीं। इसके बाद गुजरात (61.4%), पश्चिम बंगाल (60.4%), बिहार (57.6%), आंध्र प्रदेश (51.9%) और राजस्थान (50.2%) का स्थान रहा।

आधे मामलों में हल्का एनीमिया, आयरन की कमी प्रमुख कारण आईसीएमआर की रिपोर्ट में एनीमिया की गंभीरता को तीन श्रेणियों—हल्का, मध्यम और गंभीर—में बांटा गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, एनीमिया से प्रभावित महिलाओं, गर्भवती व स्तनपान कराने वाली माताओं, किशोरियों और बच्चों के करीब आधे मामलों में एनीमिया 'हल्के' स्तर का है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं का खतरा अपेक्षाकृत कम रहता है। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं, किशोरियों और पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों में एनीमिया के लगभग आधे मामलों के पीछे 'आयरन की कमी' ही सबसे बड़ा कारण है।

 

#ICMRReport #AnemiaInIndia #WomensHealth #PublicHealth #NutritionIndia #HealthNews #IronDeficiency #NINHyderabad

Latest Blogs