Planting trees today for a greener, safer, and sustainable future.

कौशल विकास से आत्मनिर्भरता की ओर: दून पब्लिक स्कूल में इग्नू की विशेष करियर कार्यशाला आयोजित

शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल ही खोलेंगे रोजगार और स्वरोजगार के नए द्वार — डॉ. अजय वर्धन आचार्य

 

 

हाथरस। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय केंद्र, अलीगढ़ के तत्वावधान में दून पब्लिक स्कूल, हाथरस में एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल के नेतृत्व में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य विषय "नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार, उद्यमशीलता नीति-2015 तथा करियर विकास" रहा।

कार्यक्रम के शुभारंभ पर प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल ने मुख्य वक्ता इग्नू अलीगढ़ के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अजय वर्धन आचार्य का राधे पट्टिका एवं स्मृति चिह्न भेंट कर भावभिना स्वागत किया।

व्यावहारिक कौशल ही भविष्य की कुंजी: डॉ. आचार्य

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. अजय वर्धन आचार्य ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में केवल पारंपरिक डिग्री और किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। व्यावहारिक कौशल और हुनर ही युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करते हैं। उन्होंने कृषि, उद्योग, पर्यटन, कंप्यूटर शिक्षा और सूचना क्रांति को वर्तमान समय के प्रमुख रोजगार क्षेत्र बताया। इसके साथ ही उन्होंने डेयरी टेक्नोलॉजी, जैविक खेती, मुर्गी पालन और मधुमक्खी पालन जैसे क्षेत्रों को स्वरोजगार के बेहतरीन विकल्प के रूप में रेखांकित किया।

भाषा एवं सर्टिफिकेट कोर्स में असीम संभावनाएं

भाषा कौशल पर प्रकाश डालते हुए डॉ. आचार्य ने कहा कि हिंदी, फ्रेंच, जापानी और कोरियन जैसी भाषाओं के अध्ययन से अनुवादक (Translator) और द्विभाषी वक्ता के रूप में शानदार करियर बनाया जा सकता है। उन्होंने प्राथमिक उपचार (First Aid), लाइब्रेरी साइंस, फैशन डिजाइन, इवेंट मैनेजमेंट, आपदा प्रबंधन, एनजीओ और व्यापार कौशल से जुड़े इग्नू के प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों की उपयोगिता पर भी विस्तार से जानकारी दी।

सरकारी योजनाओं व विकसित भारत @2047 पर चर्चा

कार्यशाला में विद्यार्थियों को केंद्र व राज्य सरकार की 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना', 'उन्नत भारत अभियान' और 'स्वच्छ भारत अभियान' के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही, 'विकसित भारत-2047' और 'विकसित उत्तर प्रदेश-2047' के विजन और रोडमैप को भी विद्यार्थियों के साथ साझा किया गया।

सर्वांगीण विकास के लिए आत्मनिर्भरता जरूरी: जे.के. अग्रवाल

स्कूल के प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल ने कहा कि आज के दौर में सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ कौशल और आत्मनिर्भरता बेहद आवश्यक है। उन्होंने बहुमूल्य मार्गदर्शन के लिए डॉ. आचार्य का आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और करियर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदु सीखे।

 

#कौशलविकास #राष्ट्रीयशिक्षानीति2020 #इग्नू #हाथरससमाचार #आत्मनिर्भरभारत #विकसितभारत2047 #करियरमार्गदर्शन #दूर्नपब्लिकस्कूल #स्वरोजगार #शिक्षाऔरकौशल

#SkillDevelopment #NEP2020 #IGNOU #HathrasNews #ViksitBharat2047 #CareerGuidance #SelfReliance #DoonPublicSchool #Entrepreneurship #FutureSkills

 

Latest Blogs