Planting trees today for a greener, safer, and sustainable future.

विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा: सरकार ने जारी की 'डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका', शिक्षकों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और एआई के जिम्मेदार उपयोग से सुधरेगा पठन-पाठन का स्तर—दीक्षा ऐप, डिजिटल लाइब्रेरी और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी संचालन के लिए तैयार हुई व्यापक गाइडलाइन।

 

 उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को प्रभावी बनाने और शिक्षण प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में लगातार बड़े कदम उठा रही है। इसी क्रम में समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश द्वारा ब्लॉक स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण के लिए ‘उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका’ तैयार की गई है। इस मार्गदर्शिका का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को डिजिटल संसाधनों का उद्देश्यपूर्ण उपयोग करने और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुसार शैक्षिक सहायता प्रदान करना है, जिससे बच्चों के सीखने के स्तर में उल्लेखनीय सुधार आ सके।

स्मार्ट क्लासरूम और आईसीटी लैब के संचालन की तकनीकी बारीकियां

मार्गदर्शिका में विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और डिजिटल पुस्तकालय के उपकरणों की पहचान, उनके संचालन और कक्षा शिक्षण में प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई है। इसमें इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल (आईएफपी), ओपीएस, यूपीएस, डेस्कटॉप, वाई-फाई राउटर, प्रिंटर और वेब कैमरा जैसे उपकरणों के सुरक्षित उपयोग के निर्देश हैं।

चालू करने का क्रम: पहले मुख्य विद्युत स्विच, फिर यूपीएस और उसके बाद पैनल एवं ओपीएस चालू करना होगा।

बंद करने का क्रम: सभी फाइलें और एप्लीकेशन सुरक्षित रूप से बंद कर ओपीएस को शटडाउन करना होगा, इसके बाद पैनल और अंत में यूपीएस एवं मुख्य स्विच बंद किया जाएगा। साथ ही, सभी उपकरणों का स्टॉक पंजिका में अनिवार्य अंकन पर जोर दिया गया है।

डिजिटल मंचों और क्यूआर कोड तकनीक से आसान होगी पढ़ाई

शिक्षक अब एलएमएस (LMS) और दीक्षा (DIKSHA) मंचों के माध्यम से कक्षा एवं विषयवार डिजिटल शिक्षण सामग्री तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इसके अलावा पीएम ई-विद्या और खान एकेडमी के उपयोग की भी जानकारी दी गई है:

दीक्षा ऐप: इस पर कक्षा 1 से 8 तक की 82 एनर्जाइज्ड पाठ्यपुस्तकें और 16 हजार से अधिक शैक्षिक वीडियो उपलब्ध हैं। शिक्षक पाठ्यपुस्तकों के क्यूआर कोड को स्कैन कर संबंधित वीडियो कक्षा में दिखा सकेंगे।

कालांश नियम: प्रत्येक कालांश में कम से कम 10 मिनट डिजिटल सामग्री के उपयोग का सुझाव दिया गया है। इंटरनेट न होने पर ऑफलाइन डाउनलोड सामग्री और पेन ड्राइव का उपयोग किया जा सकेगा।

5,000+ ई-पुस्तकों वाली डिजिटल लाइब्रेरी और रेमेडियल टीचिंग

डिजिटल लाइब्रेरी के तहत 5,000 से अधिक ई-पुस्तकों, समाचार-पत्रों, पत्रिकाओं के ई-संस्करण और ऑडियो बुक की सुविधा दी गई है। इसके 'एकेडमिक मोड' के जरिए शिक्षक पाठ्यक्रम के आधार पर बच्चों का आकलन कर सकेंगे। कठिनाई का सामना कर रहे बच्चों की पहचान कर 'रेमेडियल कैचअप कंटेंट' के माध्यम से उनकी झिझक और कमजोरियों को दूर किया जाएगा।

डिजिटल ट्रैकिंग और 'स्कैफोल्डिंग' पद्धति

विद्यार्थियों के आकलन और स्वतंत्र अभ्यास को महत्वपूर्ण स्थान देते हुए शिक्षक एलएमएस या दीक्षा के प्रश्नों के परिणाम निपुण प्लस ऐप में दर्ज करेंगे। यदि किसी प्रश्न का उत्तर आधे से अधिक बच्चे गलत देते हैं, तो उस अवधारणा को अगले कालांश में दोबारा पढ़ाया जाएगा। इसके अलावा शिक्षण में ‘मैं करके दिखाता हूं, हम मिलकर करते हैं और बच्चे स्वयं करते हैं’ के तीन चरणों वाली स्कैफोल्डिंग पद्धति को अपनाया जाएगा।

एआई (AI) के जिम्मेदार उपयोग और डेटा सुरक्षा पर सख्त निर्देश

मार्गदर्शिका में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा दिया गया है:

शिक्षक पाठ योजना, प्रश्न और कार्यपत्रक तैयार करने में एआई की मदद ले सकते हैं, बशर्ते वे तथ्यात्मक शुद्धता की जांच स्वयं करें।

डेटा प्राइवेसी: विद्यार्थियों के नाम, फोटो, यू-डायस कोड या अन्य व्यक्तिगत और गोपनीय जानकारी किसी भी एआई प्लेटफॉर्म पर साझा करने पर सख्त पाबंदी है।

शिकायत निवारण: उपकरणों में तकनीकी समस्या आने पर विद्या समीक्षा केंद्र के टोल-फ्री नंबर या प्रेरणा पोर्टल के कंप्लेंट मॉड्यूल का उपयोग किया जा सकता है।

“‘उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका’ के माध्यम से शिक्षकों को डिजिटल उपकरणों, शैक्षिक मंचों और एआई के जिम्मेदार उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब एवं डिजिटल पुस्तकालय जैसी सुविधाओं का प्रभावी उपयोग शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को बेहद रोचक और परिणामोन्मुख बनाएगा।” — मोनिका रानी, महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश

 

#UPDigitalEducation #YogiAdityanath #DigitalSkilling #SamagraShiksha #SmartClassroom #UPNews #EducationReform #NipunBharat #DigitalLibrary #SchoolEducationUP

Latest Blogs