Planting trees today for a greener, safer, and sustainable future.

पंचकूला की दर्दनाक घटना के बाद भी नहीं खुली नींद: हरियाणा के 25 लाख बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य की सुध लेने वाला कोई नहीं

सेक्टर-20 के मॉडल स्कूल में 6 साल की मासूम पर हुए खौफनाक हमले से भी नहीं जागा शिक्षा विभाग; 'उम्मीद सेंटर' बंद, 'साथ' योजना नाकाफी, लाखों बच्चों का मानसिक स्वास्थ्य भगवान भरोसे।

 

 पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित शहीद मेजर अनुज राजपूत राजकीय संस्कृति मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई बर्बर हिंसा की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर घटना के बावजूद शिक्षा निदेशालय ने कोई ठोस सबक नहीं लिया है। आलम यह है कि प्रदेश के 23 जिलों के 14,297 सरकारी स्कूलों में पहली से 12वीं कक्षा तक पढ़ने वाले 25.21 लाख विद्यार्थियों के लिए एक भी नियमित काउंसलर नियुक्त नहीं किया गया है।

क्या कहती है जमीनी हकीकत?

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के सरकारी स्कूलों में 12.83 लाख छात्र और 12.38 लाख छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में इन बच्चों के दिलो-दिमाग में क्या चल रहा है, वे किसी मानसिक तनाव या परेशानी से जूझ रहे हैं या नहीं, यह जानने और समझने वाला स्कूलों में कोई अधिकृत काउंसलर मौजूद नहीं है।

जब पंचकूला की घटना तूल पकड़ी, तो आनन-फानन में शिक्षा निदेशालय ने "साथ" नामक योजना शुरू कर काउंसिलिंग का जिम्मा नागरिक अस्पतालों में पहले से ही अत्यधिक व्यस्त रहने वाले मनोचिकित्सकों को सौंप दिया। स्कूल स्तर पर स्थायी नियुक्ति न होने के कारण आज भी पूरी व्यवस्था रामभरोसे चल रही है।

सीबीएसई के नियमों का खुला उल्लंघन

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के स्पष्ट नियम हैं कि किसी भी स्कूल को तभी मान्यता दी जा सकती है, जब वहां स्थायी तौर पर काउंसलर कार्यरत हो। यदि काउंसलर नहीं है, तो मान्यता नहीं मिलनी चाहिए।

468 स्कूलों में एक भी काउंसलर नहीं: राज्य के 468 पीएमश्री स्कूलों और राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूलों को सीबीएसई की मान्यता मिल चुकी है, लेकिन इनमें एक भी काउंसलर तैनात नहीं है।

बड़ा सवाल: बिना काउंसलर के इन प्रतिष्ठित स्कूलों को सीबीएसई की मान्यता कैसे मिल गई, यह शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान लगाता है।

विफल साबित हुईं पुरानी योजनाएं

शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों की मानसिक सेहत सुधारने के लिए पहले भी कुछ प्रयास किए गए, लेकिन वे सिरे नहीं चढ़ सके:

'उम्मीद सेंटर' योजना बंद: निदेशालय ने अगस्त 2018 में 'उम्मीद सेंटर' योजना शुरू की थी, जिसके तहत जिला स्तर पर एक केबिन बनाकर मनोवैज्ञानिक विषय के शिक्षक की ड्यूटी लगाई जाती थी। प्रदेश के 16 जिलों में यह मुहिम चली, लेकिन सकारात्मक परिणाम न मिलने के कारण जुलाई 2024 में इसे बंद कर दिया गया।

ऑनलाइन मुहिम भी बेअसर: उम्मीद सेंटर बंद होने के बाद चलाई गई ऑनलाइन मुहिम का परिणाम भी लगभग शून्य रहा है।

क्या था पंचकूला स्कूल का वह खौफनाक मामला?

पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित इसी मॉडल स्कूल में 28 अक्टूबर को केजी कक्षा की छह वर्षीय छात्रा के साथ तीसरी कक्षा के आठ वर्षीय छात्र ने अमानवीय मारपीट की थी। आरोपी छात्र बच्ची को यह कहकर पहली मंजिल पर एक खाली क्लासरूम में ले गया था कि वह उसके पिता से मिलवाएगा। वहां उसने बच्ची पर पत्थरों, ईंट और गमले से बेरहमी से हमला किया, उसका सिर बेंच व फर्श पर टकराया और उसे घसीटा। इस बर्बरता में बच्ची गंभीर रूप से घायल और बेहोश हो गई थी, जिसे लंबा इलाज कराना पड़ा था।

जिम्मेदारों के बयान और नए प्रस्ताव

बाल संरक्षण आयोग: पंचकूला बाल संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण ने कहा है कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष गाइडलाइन जारी की जाएगी, जिस पर मंथन चल रहा है। बच्चों का मानसिक स्वास्थ्य बेहतर हो, इसके लिए शिक्षा निदेशालय के आला अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी।

'अंतरमन' प्रोजेक्ट विचाराधीन: दिव्यांग एकाधिकार पुनर्वास ट्रस्ट द्वारा विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए तैयार किया गया "अंतरमन" प्रोजेक्ट पिछले एक साल से मुख्यमंत्री के समक्ष विचार के लिए लंबित पड़ा है।

#HaryanaSchools #PanchkulaIncidents #ChildSafety #MentalHealth #CBSE #EducationDepartment #HaryanaNews #PanchkulaNews #SchoolSafety #बाल_सुरक्षा

Latest Blogs