कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के नए शोध में खुलासा; डब्ल्यूएचओ के मानकों को अपनाकर हर साल बचाई जा सकती है 90 लाख से अधिक जिंदगियां, स्वास्थ्य खर्च में भी होगी भारी बचत।
यदि हवा में घुला जहर कम हो जाए, तो हर साल दुनिया भर में 90 लाख से अधिक जिंदगियां बचाई जा सकती हैं और लाखों परिवार अपने प्रियजनों को असमय खोने के दर्द से बच सकते हैं। अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ घट सकती है और करोड़ों लोगों को प्रदूषण से होने वाली गंभीर बीमारियों से राहत मिल सकती है। यह दावा किसी कयास पर आधारित नहीं, बल्कि कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के एक नए और व्यापक अध्ययन में सामने आया है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, यदि भारत सहित अन्य कमजोर और मध्यम आय वाले देश विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के वायु गुणवत्ता संबंधी सालाना मानकों को हासिल कर लें, तो हर साल 90 लाख से अधिक मौतों को रोका जा सकता है। यह इस बात का प्रमाण है कि साफ हवा केवल पर्यावरण से जुड़ा मुद्दा नहीं, बल्कि इंसानी जिंदगी, परिवारों की खुशियों और देशों की आर्थिक सेहत से सीधा ताल्लुक रखता है।
कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने 136 देशों में वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य और आर्थिक प्रभावों का गहराई से आकलन किया है। इसके लिए हवा में मौजूद प्रदूषण के महीन कणों (पीएम2.5) और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (एनओ2) को आधार बनाया गया। प्रतिष्ठित जर्नल एनवायरमेंट इंटरनेशनल में प्रकाशित इस अध्ययन में कंप्यूटर मॉडल्स की मदद से यह समझने का प्रयास किया गया कि यदि प्रदूषकों का स्तर डब्ल्यूएचओ के सुरक्षित मानकों तक पहुंच जाए, तो मानव स्वास्थ्य पर कितना बड़ा सकारात्मक असर पड़ेगा।
अध्ययन के मुख्य निष्कर्ष इस प्रकार हैं:
पीएम2.5 का स्तर सुधरने पर: यदि पीएम2.5 का सालाना स्तर डब्ल्यूएचओ के दिशानिर्देशों के अनुरूप हो जाए, तो करीब 94 लाख मौतों को हर साल टाला जा सकता है।
नाइट्रोजन डाइऑक्साइड पर नियंत्रण: एनओ2 का स्तर निर्धारित मानकों तक लाने से करीब 11 लाख मौतें रोकी जा सकती हैं।
अंतरिम लक्ष्य भी फायदेमंद: यदि देश डब्ल्यूएचओ के अपेक्षाकृत कम सख्त अंतरिम लक्ष्यों को भी हासिल कर लें, तो पीएम2.5 से जुड़ी करीब 66 लाख और एनओ2 से जुड़ी 4.35 लाख जानें बचाई जा सकती हैं।
शोध से यह भी स्पष्ट होता है कि वायु प्रदूषण का असर केवल सांस की तकलीफ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शरीर के भीतर पहुंचकर दिल, फेफड़ों और मस्तिष्क को गंभीर नुकसान पहुंचाता है। डब्लूएचओ के मानकों को अपनाने से निम्नलिखित गंभीर बीमारियों के नए मामलों में भारी कमी आ सकती है:
कोरोनरी हार्ट डिजीज: 73 लाख नए मामले रोके जा सकते हैं।
क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी): 28 लाख मामले।
स्ट्रोक: 23 लाख मामले।
डिमेंशिया (मनोभ्रंश): 11 लाख मामले।
डॉक्टर अन्नालन नवरत्नम (एपिडेमियोलॉजी विभाग) के अनुसार, यह अपनी तरह का पहला अध्ययन है जिसमें वायु प्रदूषण से प्रभावित देशों में डब्ल्यूएचओ के मानकों को लागू करने से होने वाले स्वास्थ्य, आर्थिक और सामाजिक लाभों का एक साथ आकलन किया गया है।
साफ हवा का लाभ केवल सेहत तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे देश की अर्थव्यवस्था को भी बड़ा संबल मिलेगा:
चिकित्सा खर्च में बचत: पीएम2.5 का स्तर सुधरने से हर साल हृदय रोगों के इलाज पर 11.8 अरब डॉलर, स्ट्रोक पर 5.9 अरब डॉलर और डिमेंशिया के इलाज पर 8.6 अरब डॉलर की सीधी बचत होगी।
उत्पादकता लाभ: बीमारियों और विकलांगता में कमी आने से काम करने की क्षमता बढ़ेगी, जिससे स्ट्रोक (17.9 अरब डॉलर), सीओपीडी (18.1 अरब डॉलर) और हृदय रोग (5.3 अरब डॉलर) के मोर्चे पर उत्पादकता लाभ मिलने का अनुमान है।
डॉक्टर हनीन खरेस का कहना है कि हालांकि इन मानकों को हासिल करना आसान नहीं होगा, लेकिन विकास का मतलब लोगों की जिंदगी को बेहतर बनाना है, न कि ऐसी हवा देना जो धीरे-धीरे उनकी सांसे छीन ले। (भारत में वायु गुणवत्ता से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए 'डाउन टू अर्थ' के एयर क्वालिटी ट्रैकर की मदद ली जा सकती है।)
#AirPollution #CambridgeUniversity #CleanAir #WHOStandards #PublicHealth #Environment #Economy #PM25 #NitrogenDioxide #GlobalHealth